खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक,
विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों से बचने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
खरगोन । उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत शासकीय विधि महाविद्यालय खरगोन में विशेष नशा मुक्ति कार्यक्रम एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता शिल्पा टेकाडे ने अपने प्रेरक व्याख्यान में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन से जुड़े अनुभव साझा करते हुए बताया कि नशे की लत किस प्रकार एक हँसते खेलते परिवार को बिखेर सकती है तथा पूरे परिवार को कठिनाइयों और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मण्डलोई ने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से तनाव और भटकाव से दूर रहकर खेलकूद, अध्ययन तथा सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और संतुलित मस्तिष्क ही सफलता का आधार है।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा हाल ही में नियुक्त स्पोर्ट्स अधिकारी का आत्मीय स्वागत किया गया। चन्द्रभान त्रिवेदी ने उनका स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से खेलकूद को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन संयोजक तृप्ति जायसवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मंच संचालन शिवांगी निराले ने किया तथा आभार प्रदर्शन सत्यम निंगवाल ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक पी.एस. रावत, तृप्ति सोनी, राजेश बालके, प्रकाश बघेल, महेश कलमें, सदाशिव कलमें सहित गैर-शिक्षकीय स्टाफ एवं विधि स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।





