खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय आईटीआई सेगांव में सत्र 2026-27 के लिए तृतीय एवं चतुर्थ चरण की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई 2026 तक नवीन पंजीयन, त्रुटि सुधार तथा चॉइस फिलिंग कर सकते हैं।
संस्था प्राचार्य सुनील क्षेत्रे ने बताया कि शासकीय कन्या विद्यालय परिसर, सेगांव में संचालित नवीन शासकीय आईटीआई में एससीवीटी के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन (दो वर्षीय) तथा इस वर्ष से प्रारंभ किए गए नवीन व्यवसाय कोपा एवं सोलर टेक्नीशियन (एक वर्षीय) में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी प्रवेश पोर्टल mpiticounselling.co.in पर 19 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस अवधि में नवीन पंजीयन, पंजीयन में त्रुटि सुधार, इच्छित संस्थाओं एवं व्यवसायों का चयन तथा चॉइस फिलिंग लॉक करने से पूर्व आवश्यक संशोधन भी किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि तृतीय चयन सूची 31 जुलाई 2026 को जारी होगी तथा तृतीय चरण के प्रवेश 31 जुलाई से 04 अगस्त 2026 तक होंगे। वहीं चतुर्थ चयन सूची 08 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी तथा चतुर्थ चरण के प्रवेश 08 से 11 अगस्त 2026 तक संपन्न होंगे।
अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में संस्था में उपस्थित होकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा, जिसके बाद प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय आईटीआई सेगांव से संपर्क कर सकते हैं।





