खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
सीएम हेल्पलाइन में सभी विभागों को ए ग्रेड लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें, विजन डॉक्यूमेंट-2047, लोक सेवा गारंटी, पदोन्नति एवं बलराम कृषि महोत्सव तैयारियों की समीक्षा की
खरगोन । प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, विजन डॉक्यूमेंट-2047, पदोन्नति प्रक्रिया तथा किसान कल्याण वर्ष 2026 अंतर्गत आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौड़ ने सभी विभागों को विजन डॉक्यूमेंट-2047 के अंतर्गत विभागवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा में जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी लंबित शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा किसी भी विभाग में नॉन-अटेंडेड शिकायत नहीं रहनी चाहिए।
साथ ही सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन में ए ग्रेड प्राप्त करने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की ग्रेडिंग यदि बी, सी अथवा डी श्रेणी में पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
दिशा समिति बैठक में प्राप्त बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2025 के पदोन्नति नियमों के अंतर्गत विभागों में चल रही पदोन्नति प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
प्रभारी कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग एवं मध्यप्रदेश जल निगम को आपसी समन्वय स्थापित कर दिशा समिति के बिंदुओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग को जीर्ण-शीर्ण भवनों में संचालित विद्यालयों को सुरक्षित वैकल्पिक भवनों में स्थानांतरित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में स्नेक बाइट (सर्पदंश) उपचार के लिए आवश्यक वैक्सीन एवं दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अंत में प्रभारी कलेक्टर ने सभी विभागों को अपने-अपने विभागों की स्टाफ पोजीशन एवं रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही समय पर की जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर आकांक्षा अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर प्रताप कुमार अगास्या, समस्त एसडीएम सहित जिला अधिकारी मौजूद रहे। वही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।






