जनसम्पर्क खबर क्राइम ब्यूरो चीफ रफीक मंसूरी
खरगोन। शहर के श्रीकृष्ण तिराहे पर जिला किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने का प्रयास करते हुए उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश की, जबकि फायर ब्रिगेड ने जलते हुए पुतले पर पानी डालकर आग बुझाई। इस दौरान कुछ देर तक मौके पर हल्की गहमागहमी का माहौल बना रहा।जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष परसराम पाटीदार ने कहा कि किसानों को खाद वितरण में लागू टोकन व्यवस्था के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि किसानों को बिना अनावश्यक बाधाओं के समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में मूंग की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाए और सभी किसानों की उपज की शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी किसान अपनी फसल औने-पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर न हो।परसराम पाटीदार ने यह भी कहा कि किसान लगातार बिजली संकट से जूझ रहे हैं, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने किसानों को प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान कांग्रेस सड़को पर उतरकर आंदोलन और तेज करेगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहें





