ad
best news portal development company in india

प्रभारी कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण, वर्षा सुरक्षा एवं पेयजल गुणवत्ता पर विशेष जोर

खरगोन । प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, वर्षाकालीन तैयारियों, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग शिकायतों को गंभीरता से लें। विशेष रूप से सी एवं डी ग्रेड वाले विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाकर शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले का कोई भी विभाग ए ग्रेड से नीचे नहीं रहना चाहिए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी नालों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों के समीप स्थित ग्रामों और बस्तियों में पूर्व से ही मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जाए। साथ ही नदी नालों के किनारे आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा पर्याप्त संख्या में चेतावनी एवं सूचना संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
बैठक में विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। साथ ही सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवा अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर पूर्ण कर तैयार रखें, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बरसात के मौसम में पेयजल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभारी कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पेयजल स्रोत क्लोरीनेशन से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा संबंधित विभाग समय समय पर इसकी निगरानी भी सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर आकांक्षा अग्रवाल, हेमलता सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर वीरेंद्र कटारे, प्रताप कुमार अगास्या, समस्त एसडीएम सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *