खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन पुलिस के द्वारा जिले में संचालित स्कूलों की 55 बसों को किया चेक,
पुलिस मुख्यालय के द्वारा दिनांक 08.07.2026 से दिनांक 17.07.2026 तक 10 दिवसीय विशेष अभियान किया जा रहा है संचालित,
पुलिस के द्वारा स्कूल बसों में उपलब्ध सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
खरगोन। पुलिस मुख्यालय द्वारा बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर दिनांक 08.07.2026 से 17.07.2026 तक 10 दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है । इस अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा बच्चों के आवागमन एवं राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप फिट एवं अधिकृत वाहनों का उपयोग किए जाने तथा इन मानकों के पालन की जांच हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं ।
प्राप्त निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एवं थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया ।
इसी क्रम में नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने पर जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं एवं विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यालय वाहनों तथा विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर यात्री वाहनों की सघन जांच की गई । जांच के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप वाहनों में उपलब्ध प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) किट, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर (गति नियंत्रक यंत्र), आपातकालीन द्वार (Emergency Exit) कार्यशील स्थिति में होना अनिवार्य, आवश्यक दस्तावेज, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस सहित अन्य आवश्यक मानकों का परीक्षण किया गया ।
संस्था संचालकों, वाहन चालकों तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा में लगे स्टाफ को परिचय-पत्र (आईडी कार्ड) प्रदर्शित करने की अनिवार्यता के संबंध में समझाइश दी गई । साथ ही वाहनों पर आकस्मिक सेवा (आपातकालीन) संपर्क नंबर एवं संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश भी दिए गए ।
विशेष अभियान के दौरान जिले में विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर कुल 55 स्कूल बसों की जांच की गई तथा सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई । बस चालकों को निर्धारित क्षमता से
अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा बिना वैध दस्तावेज एवं परमिट के वाहन का संचालन न करने के निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त बसों में फर्स्ट-एड किट, फायर एक्सटिंगिशर एवं स्पीड गवर्नर सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई ।
इस विशेष अभियान का शुभारंभ जिला खरगोन में प्रभावी रूप से किया जा चुका है । जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में अभियान के अंतर्गत सघन एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा इस प्रकार की कार्रवाई आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगी ।





