खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
30 जून 2026 तक अनिवार्य ऑनलाइन पंजीयन,
जिले की सभी शासकीय आईटीआई में प्रथम चरण के लिए अवसर।
खरगोन । तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत जिले में संचालित समस्त शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रथम चरण के लिए प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अब केवल 05 दिन शेष हैं, अतः समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
जिले की समस्त आईटीआई में एनसीवीटी/एससीवीटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदक स्वयं के मोबाइल फोन, इंटरनेट अथवा एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। संस्था के प्राचार्य विशाल नरगावे ने बताया कि प्रथम चरण में इच्छित संस्था एवं व्यवसाय का चयन (चॉइस फिलिंग) समय पर करना आवश्यक है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि जिले की आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, सर्वेयर, कोपा, स्टेनोग्राफी (हिंदी), ड्राफ्ट्समैन सिविल, वेल्डर, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक मोटर व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कटिंग सीविंग एवं सोलर टेक्नीशियन जैसे रोजगारोन्मुखी व्यवसायों में प्रवेश उपलब्ध है। अभ्यर्थी इन सभी ट्रेड्स के लिए एमपी ऑनलाइन के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.dsd.mp.gov.in
पर अवलोकन किया जा सकता है अथवा संबंधित संस्था कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
जिले में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएँ खरगोन, करही, मण्डलेश्वर, कसरावद, बड़वाह, सेगांव, झिरन्या, भीकनगांव, भगवानपुरा एवं गोगावां में प्रवेश के लिए यह सुनहरा अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते आवेदन कर लाभ उठाएँ।





