ad
best news portal development company in india

पल्स पोलियो जागरूकता के लिए वाहन रैली का आयोजन

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

28 जून से शुरू होगा तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान,
0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को किया जाएगा कवर

खरगोन । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 के सघन प्रचार प्रसार के उद्देश्य से 25 जून 2026 को जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान ने पुराना अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर वाहन रैली को रवाना किया। यह रैली पुराना अस्पताल परिसर से प्रारंभ होकर एमजी रोड, श्रीकृष्ण टॉकीज, बस स्टैंड, गायत्री मंदिर होते हुए जिला चिकित्सालय पहुंची। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान ने कहा कि भारत देश पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के प्रकरण पाए जा रहे हैं। ऐसे में बच्चों को समय पर पोलियो रोधी खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेंद्र पंवार ने बताया कि 28, 29 एवं 30 जून 2026 को सम्पूर्ण जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संपादित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जन्म से लेकर पाँच वर्ष तक के कुल 2,55,093 बच्चों को पोलियो रोधी दवाई पिलाई जाएगी। अभियान की सफलता के लिए सभी अग्रिम तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में कुल 2040 बूथ एवं 61 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। इसके लिए 4190 कार्यकर्ताओं द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही सेवाओं की गुणवत्ता एवं निरंतरता बनाए रखने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 229 पर्यवेक्षकों के दल गठित किए गए हैं।
रैली में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेंद्र पंवार द्वारा व्यक्त किया गया। अंत में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान ने जनसमुदाय से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अभियान के प्रथम दिन 28 जून 2026 को ही नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो रोधी खुराक अवश्य पिलवाएं, ताकि जिले को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *