ad
best news portal development company in india

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों में दिखा जोश और अनुशासन

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

स्टेडियम मैदान में खेल भावना और ओलंपिक मूल्यों का उत्सव,
युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण का संदेश।

खरगोन। खेल एवं युवा कल्याण विभाग खरगोन तथा हाँकी संघ खरगोन के संयुक्त तत्वावधान में स्टेडियम मैदान, खरगोन में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ओलंपिक मूल्यों का प्रचार प्रसार करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा ओलंपिक दिवस की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर फीडर सेंटर एवं साई स्मॉल सेंटर के बीच हाँकी का मैत्री मैच आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण, टीम वर्क और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला खेल अधिकारी पवी दुबे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस प्रतिवर्ष 23 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धात्मक खेलों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि समाज में शांति, एकता, भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश प्रसारित करना भी है। उन्होंने बताया कि ओलंपिक आंदोलन खेलों के माध्यम से विश्व के विभिन्न देशों को जोड़ने का कार्य करता है और खिलाड़ियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करता है।
वरिष्ठ हाँकी कोच इकबाल खान ने खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों के इतिहास, उनके महत्व तथा महान ओलंपियन खिलाड़ियों की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने नियमित अभ्यास, संतुलित आहार, मानसिक मजबूती और सकारात्मक सोच के साथ खेल कौशल विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के इस आयोजन में ब्लॉक समन्वयक जीतेन्द्र हिरवे, हाँकी कोच प्रवीण किरावर, राकेश अथंनकर, उच्छमसिंह रावत, ज्योति बाला रावत, जयराम दांगी, संतोष दांगी सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विभाग के कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *