0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जीवन की
पोलियो मुक्त भारत के संकल्प में सहभागिता की अपील
संवाददाता : जनसम्पर्क खबर खरगोन
। 23 जून 2026। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले में 28 जून 2026 (रविवार) से 30 जून 2026 तक पोलियो रोधी दवा पिलाने का विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। प्रभारी जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र पंवार ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिलेभर में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा वंचित न रहे।अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 2040 पोलियो बूथ चिन्हित किए गए हैं। इन बूथों पर 4190 कर्मियों की तैनाती की गई है।
अभियान के दौरान जिले में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 2,55,093 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलतसिंह चौहान ने जिले के अधीन समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान से संबंधित सभी पूर्व निर्धारित गतिविधियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। साथ ही, अभियान की सफलता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।डॉ. चौहान ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं तथा पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।






