ad
best news portal development company in india

हर घर जल के लक्ष्य को लेकर कलेक्टर की सख़्त समीक्षा

SHARE:

जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता, गति और जवाबदेही पर जोर

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश

जनसंपर्क खबर

खरगोन 22 जून 2026। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागृह में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर सुश्री मित्तल ने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति से जुड़ा प्रत्येक कार्य समय-सीमा, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण होना चाहिए।बैठक में प्रगतिरत एवं शेष बचे कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जिन योजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका तत्काल हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कूप गहरीकरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए कूप बंधाई, जल गुणवत्ता परीक्षण (वाटर टेस्टिंग) एवं विद्युत कनेक्शन जैसे सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।बैठक में स्व सहायता समूहों द्वारा की जा रही जल कर वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कहा कि वसूली की प्रक्रिया नियमित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी होनी चाहिए, जिससे ग्राम पंचायतों की जल व्यवस्था आत्मनिर्भर बन सके।बैठक में महेश्वर एवं बड़वाह में जल वितरण व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर सुश्री मित्तल ने गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां वाल मैन की उपलब्धता नहीं है, वहां तत्काल नियुक्ति की जाए। साथ ही जल निगम एवं पंचायत की संयुक्त टीम गठित कर जनसामान्य के साथ बैठक आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का निराकरण किया जाए।बैठक में पंचायत विभाग को निर्देशित किया गया कि नल जल उपभोक्ताओं का पंजीकरण पंचायत दर्पण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराया जाए, जिससे ग्राम पंचायत स्तर पर ऑनलाइन जल कर वसूली प्रारंभ हो सके। इससे नागरिकों को डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी तथा पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।बैठक में जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, समस्त जनपद सीईओ एवं पीएचई विभाग के इंजीनियर उपस्थित रहे। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल से जुड़ी किसी भी समस्या को हल्के में न लिया जाए और आमजन को निर्बाध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *