धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री      

            पुलिस उप महानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक धार श्री मनोज कुमार सिंह द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना गंधवानी के ग्राम बारिया, मनावर के सिंघाना में “खाटला बैठक” आयोजित कर सिकलीगर समाज के लोगो को अवैध फायर आर्म्स निर्माण व तस्करी नही करने का संकल्प दिलाया गया था। जिसके परिणास्वरुप  आज दिनांक 20.05.2025 को जिले के सिकलीगर समाज के प्रतिनिधी मंडल पुलिस अधीक्षक धार कार्यालय पहुचे, जिन्होने पुलिस अधीक्षक धार महोदय से चर्चा करते बताया कि हमारे समाज के लोग जो आदिकाल से शस्त्र निर्माण का काम करते आ रहे हैं और समय-समय पर रियासतें व कानून बदल जाने से एवं अन्य कोई रोजगार न मिलने से कुछ लोगो द्वारा अवैध शस्त्र को ही अपना आजीविका का साधन बना रखा है। जिनकी धडपकड़ हेतु पुलिस जब उनके गांवो में दबिशे देती है तो आम सिकलीगर भी असहज महसूस करते है तथा उनके समाज के कुछ लोगो के कारण पूरा सिकलीगर समाज जलील महसूस करता है। 

               पुलिस अधीक्षक धार श्री मनोज कुमार सिंह द्वारा सिकलीगर समाज से आए प्रतिनिधियो का स्वागत करते हुए सद्भावना पूर्वक बताया कि धार पुलिस सिर्फ अपराध से घृणा करती है, अपराधी से नही। और अपराध पर नकल कसनी है तो अपराधी के नेचर को समझना बहुत महत्वपूर्ण होता है। धार जिले में सिकलीगर समुदाय द्वारा बनाए गए आग्नेय शस्त्रो से प्रदेश के साथ-साथ संपूर्ण भारत में गंभीर अपराध घटित हो रहे थे, इसीलिए धार पुलिस द्वारा अवैध आग्नेय शस्त्र निर्माता व तस्कर के विरूद्ध लगातार कठोरतम वैधानिक कार्यवाही की गई है, जो आगे भी जारी रहेगी। 

             पुलिस कप्तान द्वारा सिकलीगर समाज के लोगो को अवैध फायर आर्म्स का निर्माण व तस्करी के कार्य को पूर्णत: त्यागने की समझाईश दी। साथ ही अपना हुनुर अच्छे कार्य में लगाकर समाज के उद्धान में भागीदारी एवं बच्चो को अच्छी शिक्षा दिलवाने हेतु प्रतिनिधि मंडल को बताया। 

            प्रतिनिधि मंडल व्दारा पुलिस अधीक्षक धार व्दारा सिकलीगर समाज के उत्थान के लिए किये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यो की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया एवं बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक धार श्री मनोज कुमार सिंह व्दारा किये जा रहे प्रयासों से सिकलीगर समाज के बच्चें अपराधों को छोडकर स्कूल/कालेज जाने लगे हैं जिसके फलस्वरूप हमारी आने वाली पीढी का बेहतर भविष्य का निर्माण होगा।