भूसे के ढेर में भड़की आग से आसमान में छाया धुएं का गुबार, जनहानि टली
कसरावद : सलीम खान
कसरावद क्षेत्र के ग्राम पानवा में खरगोन रोड पर स्थित सैफी एग्रो एनर्जी प्रोडक्ट के गोदाम में शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गोदाम में रखे भूसे के विशाल स्टॉक में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था।
दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही कसरावद सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं। गोदाम में भूसा होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के कर्मियों को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी के कारण आग को परिसर के अन्य हिस्सों और पास की संपत्तियों तक फैलने से रोक लिया गया।
बड़ा आर्थिक नुकसान, जनहानि नहीं गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस समय कोई कर्मचारी आग की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में भूसा जलकर खाक हो गया, जिससे संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।






