वार्डन और टीचर ने नहीं दी छुट्टी”, तनाव में आकर छात्र ने उठाया आत्मघाती कदम; पुलिस जांच में जुटी
कसरावद : सलीम खान
कसरावद (खरगोन): खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र स्थित बोरावां के एक निजी बी-फार्मेसी कॉलेज में दुखद घटना सामने आई है। यहाँ द्वितीय वर्ष में पढ़ने वाले एक छात्र ने ज़हरीली दवा पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान सचिन जायसवाल के रूप में हुई है, जो खंडवा जिले के गुड़ी गांव का निवासी था।
हॉस्टल में पी ज़हरीली दवा जानकारी के अनुसार, सचिन ने कॉलेज हॉस्टल में ही ज़हरीली दवा का सेवन कर लिया था। स्थिति बिगड़ने पर कल देर शाम उसके सहपाठियों ने उसे जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया। जहाँ डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के गंभीर आरोप: “मानसिक तनाव में था सचिन” मृतक के भाई शुभम जायसवाल ने कॉलेज प्रबंधन और हॉस्टल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सचिन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसने इस बारे में कॉलेज प्रशासन को सूचित भी किया था। आरोप है कि हॉस्टल के वार्डन और टीजी शिक्षक कौशल पटेल ने सचिन को घर जाने के लिए छुट्टी नहीं दी, जिससे वह अत्यधिक तनाव में आ गया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम किया है। प्रधान आरक्षक गंगाराम के अनुसार, पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयानों के आधार पर कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उस पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






