सुभाष नगर से एम्स तक 7 किमी की यात्रा; मुख्यमंत्री बोले- ऊंचाई से भोपाल की हरियाली देखना बेजोड़ अनुभव
ज़िया खान भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार शाम भोपाल मेट्रो ट्रेन में सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन तक 7 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेट्रो को शहर के विकास के लिए एक नई ‘उड़ान’ बताया।
मेट्रो से बदलेगी शहर की तस्वीर यात्रा के बाद एम्स स्टेशन पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेट्रो केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि विकास की नई कहानी है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऊंचाई पर बने ट्रैक से भोपाल की सुंदरता और हरियाली देखना एक अद्भुत अनुभव है। उन्होंने इसे एम्स आने वाले मरीजों और आम नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात बताया।
केंद्र का मिल रहा पूरा सहयोग मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश की शहरी विकास योजनाओं में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इंदौर और भोपाल मेट्रो के लिए केंद्र पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करा रहा है। साथ ही, शनिवार को ही प्रदेश में 262 अन्य विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई है।
पर्यावरण और समय की बचत केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने भोपालवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मेट्रो ट्रेन समय की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और मेट्रो कॉर्पोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे।






