हाईटेंशन लाइन के नीचे तक पहुंचा पानी, किसानों ने की मुआवजे और सुधार की मांग
कसरावद : सलीम खान
खरगोन/कसरावद: खरगोन जिले में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कठोरा उद्वहन सिंचाई परियोजना के तहत कसरावद–दोगांवा मार्ग पर मुख्य पाइपलाइन का वाल्व अचानक टूट गया। वाल्व टूटने से पानी का दबाव इतना तेज था कि करीब 10 फीट ऊंचा फव्वारा उठने लगा, जिससे देखते ही देखते हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया।
खेतों में भरा पानी, फसलों को भारी क्षति पाइपलाइन फटने के कारण करीब दो घंटे तक पानी अनियंत्रित होकर बहता रहा। इससे आसपास के 8 से अधिक किसानों के खेतों में पानी भर गया। वर्तमान में खेतों में गेहूं और चने की रबी फसलें खड़ी हैं। किसानों का कहना है कि अचानक हुए इस जलभराव से फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
हाईटेंशन लाइन से बढ़ा खतरा पानी का बहाव इतना तेज था कि वह पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे तक जा पहुंचा। इससे क्षेत्र में बड़े खतरे की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने के बाद विभाग ने पंपिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई बंद करवाई, तब जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका।
किसानों की मांग: सर्वे और मुआवजा प्रभावित किसानों में विभाग की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। किसानों ने आरोप लगाया कि समय पर मेंटेनेंस न होने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल खेतों का सर्वे कराकर फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाए और पाइपलाइन के मेंटेनेंस में सुधार किया जाए।






