जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। शहर में अस्थाई अतिक्रमणों से आवागमन की सुचारू व्यवस्था के लिए नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओं मुहिम विगत 18 अगस्त से निरंतर चलाई जा रही है। इसी क्रम में 22 अगस्त को शहर के बस स्टेण्ड, टीआईटी काम्पलेक्स, श्रीकृष्ण तिराहा, पुराना हॉस्पिटल रोड से मोहन टाकिज तक कार्यवाही की गई। नगर पालिका के साईड में बैठने वालों को लाईन के अंदर कराएं जाने की कार्यवाही की गई तथा हाथठेलों को व्यवस्थित करवाया गया। सडको पर दुकानों के बाहर सामान व वाहन आदि अव्यवस्थित रखने वाले दुकानदारों द्वारा बाहर सडक पर रखे सामान को नगर पालिका द्वारा जब्त करने व अनाधिकृत अस्थाई अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही की गई है। नगर पालिका ने दुकानदारों को हिदायत दी है कि किसी भी प्रकार का सामान दुकान की परिधि के बाहर न रखा जाए। साथ ही फलों आदि के ठेलों को चलित रूप से व्यवसाय करने के लिए निर्देशित किया गया।
सीएमओ सुश्री कमला कौल द्वारा बताया गया कि निकाय टीम द्वारा शहर में विगत तीन दिनों से एमजीरोड, तिलकपथ, मोहन टाकिज से होते हुए गौशाला मार्ग से उमरखली रोड तक की गई थी। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर सामग्री रख अनाधिकृत अतिक्रमण करने से मार्ग संकडा होकर आवागमन प्रभावित होता है। दुकानदारों को बार बार चेतावनी भी दी जा रही है। इसके पश्चात चालानी कार्यवाही कर सामान जब्त कर लिया जावेगा। शहर के प्रमुख मार्गो पर सख्त कार्यवाही के पूर्व किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना ना करना पडे व किसी प्रकार से आर्थिक क्षति ना हो ऐसी समझाईश देकर यातायात व्यवस्थित करवाया जा रहा है। इसके पश्चात भी यदि पुनरावृत्ति करते पाये जाते है तो निकाय द्वारा कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। जिसके लिए संबंधित दुकानदार की संपूर्ण जवाबदारी रहेगी।
प्र.राजस्व अधिकारी महेश वर्मा द्वारा बताया गया कि निकाय द्वारा प्राप्त शिकायतों के निराकरण के उद्देश्य से शहर में अस्थाई अतिक्रमण हटाने की मुहिम निरंतर चलाई जा रही है। आज बस स्टेण्ड से मुहिम शुरू की जाकर श्रीकृष्ण तिराहे, पुराना हास्पिटल मार्ग से मोहन टाकिज क्षेत्र तक कार्यवाही की गई और अस्थाई अतिक्रमणों को हटाया गया है। आगामी समय में मुख्य मार्गो पर अनाधिकृत रूप से सामग्री रख अस्थाई अतिक्रमण पाये जाने पर निकाय द्वारा सामग्री जब्त कर ली जाएगी, जो वापसी योग्य नही होगी एवं उसका निपटान निकाय द्वारा किया जाएगा। साथ ही चालानी कार्यवाही भी की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति छाया जोशी द्वारा समस्त व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपना व्यापार दुकानों के अंदर सामग्री रख कर ही करें। दुकानों के बाहर किसी प्रकार की सामग्री व सायबान इत्यादि नही रखी जाए। हाथ ठेला चालक अपना व्यवसाय चलित ठेलों के माध्यम से ही करे, जिससे स्थाई रूप से ठेले रोड पर खडे नही रहने से मार्ग भी चौडा रहेगा व दुर्घटनाओं में कमी आएगी। इसलिए समस्त दुकानदार व हाथ ठेला चालक निकाय द्वारा की जाने वाली कार्यवाही से बचें तथा सुगम यातायात में जिला प्रशासन का सहयोग प्रदान करे।






