ad
best news portal development company in india

विकसित भारत युवा संसद की दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतिस्पर्धा का भव्य आयोजन

SHARE:

 

इक़बाल खत्री 

            खरगोन। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विकसित भारत युवा संसद के अंतर्गत एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर जिला स्तरीय प्रतिस्पर्धा का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 21 मार्च को खरगोन जिले से आए प्रतिभागियों ने इस अवसर पर अपनी वाकपटुता, तर्कशक्ति और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।  

       कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष दीपक कानूनगो ने दीप प्रज्वलित कर किया। श्री कानूनगो ने युवाओं को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि युवा संसद जैसे मंच न केवल उनकी बौद्धिक क्षमता को निखारते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध भी कराते हैं। उन्होंने एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर विचार रखते हुए प्रशासनिक खर्चों में कटौती, विकास कार्यों में बाधा, काले धन के उपयोग की रोकथाम और सामाजिक समरसता को इसका प्रमुख लाभ बताया।  

                विशेष अतिथि डॉ. जीएस चौहान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को पहले सोने की चिड़िया कहा जाता था और इसे पुनः विकसित बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब युवा अपने विचारों को साहस और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने युवाओं को स्वयं का उद्योग लगाने, नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाला बनने और प्रशासनिक एवं राजनीतिक स्वच्छता की दिशा में अग्रसर होने का संदेश दिया।  

               कॉलेज की प्राचार्य एवं कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ. शैल जोशी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक मंच बताया एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। प्रतिस्पर्धा में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया और सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक विषयों पर प्रभावी विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. शोभाराम सोलंकी,  राकेश यादव, श्रीमती अचला पालीवाल, डॉ. सुनैना चौहान तथा प्रो चंद्र भान त्रिवेदी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सुरेश अवासे ने बताया कि यह प्रतियोगिता युवाओं को संसदीय प्रणाली से परिचित कराने का एक अनूठा प्रयास है। 

                इस प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी अगले चरण में विधानसभा स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विधानसभा स्तर से चुने गए प्रतिनिधियों को अंततः संसद में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। इस तरह के आयोजनों से न केवल युवाओं को नीति-निर्माण प्रक्रिया को करीब से समझने का मौका मिलता है, बल्कि वे राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित कर सकते हैं।  

                इस आयोजन ने खरगोन के युवाओं को न केवल अपनी सोच को प्रकट करने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणा भी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजीता पाटीदार एवं  सावन धनगर ने किया। अंत में डॉ. सावित्री भगोरे ने आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और निर्णायकों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एसडी पाटीदार, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान, नेहरू युवा केंद्र से पंकज गोस्वामी तथा जनभागीदारी सदस्य  श्याम गुप्ता, कालू सिंह मंडलोई,  महेश वर्मा,  अजय भावसार, महाविद्यालय स्टाफ प्रतिभागी विद्यार्थी तथा महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहें।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई