जोबट से : शाहरुख खत्री
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोबट, जिला अलीराजपुर में 27 नवंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के अंतर्गत बाल विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता फैलाना, बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा तथा समान अवसरों के महत्व को समझाना और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एल. चौहान द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने बाल विवाह को समाज के विकास में बाधक बताते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। प्रत्येक बालिका को शिक्षा प्राप्त करने, अपने सपनों को पूरा करने तथा सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक नागरिक बनकर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके पश्चात डॉ. दिलीप सिंह राठड़िया ने बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक एवं कानूनी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है तथा इससे बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने, परिवारों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने तथा बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक समाज ही बाल विवाह जैसी कुरीतियों से मुक्त होकर प्रगतिशील समाज का निर्माण कर सकता है।
इसके पश्चात प्रो. कमलेश यादव ने बाल विवाह के भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि भविष्य में कानूनी एवं विभागीय समस्याओं का कारण भी बन सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि बाल विवाह से जुड़े आपराधिक मामले की स्थिति में सरकारी भर्ती, पुलिस सत्यापन एवं नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सरकारी नौकरी के आवेदन में गलत जानकारी देने या महत्वपूर्ण तथ्य छिपाने पर भी कार्रवाई संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल विवाह से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रदर्शनी, क्विज प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने बाल विवाह उन्मूलन का संदेश प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बाल विवाह मुक्त भारत, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षित बचपन तथा उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में प्रो. अनीता चौहान सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. निर्भय सिंह डोडवे ने किया तथा अंत में प्रो. परसराम मंडलोई ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए सुरक्षित बचपन, बालिकाओं की शिक्षा, समान अवसरों एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।





