जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण, परिवहन और उपयोग पर रोक; उल्लंघन करने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई।
धार। आमजन की सुरक्षा और पशु-पक्षियों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन मीना ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत संपूर्ण धार जिले में चाइनीज मांझे के निर्माण, विक्रय, भंडारण, परिवहन, क्रय और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
जारी आदेश के अनुसार नायलॉन, प्लास्टिक, सिंथेटिक सामग्री और कांच अथवा अन्य धारदार पदार्थों से निर्मित पतंग डोर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पतंग उड़ाने के लिए केवल प्राकृतिक एवं पर्यावरण के अनुकूल सुरक्षित सूती धागे के उपयोग की अनुमति होगी। इस धागे पर कांच, धातु या किसी अन्य धारदार पदार्थ का लेप नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों और थाना प्रभारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने तथा चाइनीज मांझे की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 सहित अन्य लागू अधिनियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह प्रतिबंध संपूर्ण धार जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लागू रहेगा और 22 जनवरी 2027 तक प्रभावशील रहेगा।





