ad
best news portal development company in india

धार में आईजी अनुराग ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों पर सख्त रुख; फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश।

SHARE:


जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार 

महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर दिया विशेष जोर।

धार। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन, इंदौर अनुराग ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धार के सभागृह में जिले की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक धार सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।


बैठक में आईजी ने जिले की वार्षिक अपराध स्थिति, लंबित अपराधों, विवेचनाओं, चालान, गंभीर एवं चिन्हित अपराधों तथा कानून-व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान दो माह से अधिक समय से लंबित अपराधों का प्रकरणवार जायजा लेते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों की विवेचना में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा साक्ष्यों का प्रभावी संकलन कर आरोपियों के विरुद्ध ठोस वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर विशेष संवेदनशीलता बरतने, त्वरित कार्रवाई करने और निर्धारित समय-सीमा में विवेचना पूर्ण करने पर जोर दिया गया। वहीं फरार एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ स्थायी वारंट और गिरफ्तारी वारंट की तामीली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।


आईजी ने अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा संगठित आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की बात कही। चोरी, नकबजनी एवं लूट जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में बरामदगी बढ़ाने और अनसुलझे मामलों का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।


इसके साथ ही सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य और डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, साइबर अपराधों की बेहतर विवेचना, न्यायालयीन प्रकरणों में प्रभावी पैरवी तथा दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों का निष्पक्ष एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी, नियमित गश्त, प्रभावी सूचना संकलन और आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

जिला पुलिस धार ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के प्रभावी संधारण एवं आमजन की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई