भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर सीरीज पर जमाया कब्जा, अक्षर पटेल बने मैन ऑफ द मैच
शेख़ नसीम। मेंगनुई / भारत ने पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज के पांचवें और अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 209 रन बनाए।
भारत की ओर से ईशान किशन और अक्षर पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46-46 रनों की पारियां खेलीं। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर और नमनधीर ने 22-22 रनों का योगदान देकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए 210 रनों का लक्ष्य भी पहाड़ साबित हुआ और पूरी टीम 48.1 ओवर में 187 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अक्षर पटेल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज 3-1 से जीतकर शानदार अंदाज में समापन किया।





