भोपाल / मध्यप्रदेश की राजधानी में स्मार्ट मीटर और लगातार बढ़ते बिजली बिलों को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी द्वारा महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान कमेटी के संरक्षक शमसुल हसन ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम जनता को भारी-भरकम बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही लगातार कार्रवाई से भी शहर के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं के पास लाखों रुपये तक के बिजली बिल पहुंच रहे हैं, जिससे आम आदमी के लिए अपने परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। प्रदेश सरकार के सामने कई बार यह मुद्दा उठाने के बावजूद जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इसी को लेकर अब ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने राज्यपाल महोदय को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और आम जनता को राहत दिलाने की मांग की है।
शमसुल हसन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिलों और विजिलेंस टीम की कार्रवाई से जुड़ी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।






