धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
विधायक नीना विक्रम वर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में हुआ भव्य आयोजन
धार, 01 नवम्बर 2026।मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पी.जी. कॉलेज सभागृह में जिला स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक नीना विक्रम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी किया गया। इसी के साथ ही नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत शपथ दिलाकर नशे के प्रति जागरूक भी किया ।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक नीना विक्रम वर्मा ने जिलेवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि धार विधानसभा क्षेत्र को बदनावर उद्वहन सिंचाई योजना का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई की सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। जब मां नर्मदा का जल घरों और खेतों तक पहुंचेगा, तो इससे आमजन के साथ किसानों को भी लाभ मिलेगा और खेतों में खुशहाली आएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में धार जिला अल्पवर्षा के कारण सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। जिले में सामान्य से कम वर्षा होने के कारण जल संकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने आमजन से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने, नल से आवश्यकता के अनुसार ही पानी लेने तथा जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से इस समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अंत में उन्होंने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के साथ आगामी दीपावली पर्व की भी जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए कहा कि धार जिले की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है तथा इसका ऐतिहासिक महत्व सर्वविदित है। जिले की गौरवशाली परंपरा के साथ अब यहां नवीन उद्योगों की स्थापना हो रही है, जिससे विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं विरासत का सम्मान करते हुए प्रदेश की प्रगति में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के लिए नए संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं क्षमता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारकर मध्यप्रदेश को विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें गायन, नृत्य एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं विविधता की सुंदर झलक देखने को मिली। इसी प्रकार कार्यक्रम परिसर में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं मछली पालन विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि एवं अधिकारियों द्वारा अवलोकन भी किया गया।






