बिलाल खत्री
बड़वानी माँ नर्मदा की पावन परिक्रमा पर निकले श्रद्धालुओं (परिक्रमावासियों) का बड़वानी जिले में आगमन प्रारंभ हो चुका है। नर्मदा परिक्रमावासियों के लिए मार्ग में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जयति सिंह ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम कठोरा, सोंदुल, भवती, मोरकट्टा, बोरखेड़ी एवं कुली का दौरा किया।
मार्ग में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बड़वानी से बोरखेड़ी (कुली) तक नर्मदा परिक्रमा पथ का भ्रमण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को मोरकट्टा से कुली तक रास्ते में आ रही कटीली झाड़ियों एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाकर मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को कुली से घोंघसा तक के पगडंडी रास्ते को सही एवं सुचारू करने के लिए निर्देशित किया।
पेयजल एवं विद्युत की समुचित व्यवस्था परिक्रमावासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मार्ग में शुद्ध पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्युत विभाग को नर्मदा परिक्रमा ठहराव स्थलों पर पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए।
ठहराव स्थलों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण पंचायत विभाग को निर्देशित किया गया कि मार्ग में पड़ने वाले ठहराव स्थलों पर टेंट एवं अन्य आवश्यक प्रबंध किए जाएं। इसके अतिरिक्त नर्मदा परिक्रमा पथ पर स्थित यात्री प्रतीक्षालयों, ठेल टंकियों एवं पेयजल के अन्य साधनों की गहन साफ-सफाई करवाकर उन पर रंग-रोगन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। परिक्रमावासियों की सुविधा के लिए ग्राम बोरखेड़ी (कुली) में आश्रय स्थल स्वीकृत कराने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, डीएफओ आशीष बंसोड़, एसडीएम बड़वानी श्री भूपेंद्र रावत, बड़वानी एवं पाटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





