जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर
राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार प्रशस्ति सिंह जमरा को सौंपा ज्ञापन, निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर उठाए सवाल
सरदारपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर तथा सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल के निर्देशानुसार मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरदारपुर द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित यह ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रशस्ति सिंह जमरा को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं तथा इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेसजनों ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की महत्वपूर्ण भूमिका है। निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। चुनाव प्रक्रिया में आम जनता का विश्वास बनाए रखना निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर निष्पक्षता से विचार किया जाए। साथ ही निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर उचित कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन का वाचन नगर परिषद उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान ने किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पड़ियार, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ब्रजेश ग्रेवाल, वरिष्ठ पार्षद संजय जायसवाल, राजगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष जीवनसिंह सिसौदिया, विरसन भगत, अंसार खान, दिनेश चौधरी पिपरनी, केकड़िया डामोर, शिवांग ग्रेवाल, मुकेश तूफान, समंदरसिंह बामनिया, अरविंद जाट, लक्ष्मण काग, सुरेश डोडियार, बलदेव मकवाना, मदन वसुनिया, अकरम भूरिया, करण डामोर, महेश डामोर, लखन परमार, दिलीप भूरिया, राजेश गुंडिया एवं शैतान मेड़ा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





