शेख़ नसीम। इंदौर / कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर पहुंचे। खचाखच भरे सभा स्थल में हजारों की संख्या में छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने राहुल गांधी से संवाद करते हुए अपनी समस्याएं और परेशानियां साझा कीं। कार्यक्रम में छात्रों के अलावा आमजन की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार को छात्रों की तकलीफ और परेशानियां नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ ‘अंधभक्त’ पैदा कर रही है, क्योंकि अंधभक्त सवाल नहीं पूछता, जबकि छात्र सवाल पूछते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान मानते हैं और उन्हें विष्णु का अवतार तक बताते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को विकास, पेपर लीक और महंगाई से कोई मतलब नहीं है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि देश को आजादी 2014 में मिली है।
इस दौरान राहुल गांधी ने स्क्रीन पर कथित ‘अंधभक्तों’ से जुड़े कुछ वीडियो क्लिप भी दिखाए, जिन पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों पर बातचीत करने के बजाय पुलिस के जरिए उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाता है, उन्हें जेल भेजा जाता है और मुकदमे दर्ज किए जाते हैं।
राहुल गांधी ने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है, लेकिन सरकार इस समस्या को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाने की बात कही।





