खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
चैनपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज,जब्त मशरुके की कुल कीमत करीब 80,600 रुपये
खरगोन। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 71 लीटर 640 एमएल देशी-अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30,600 रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 50,000 रुपये है। इस तरह जब्त मशरुके की कुल अनुमानित कीमत 80,600 रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को थाना चैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर कच्चे रास्ते से पेमला फाल्या की ओर से पंधाना दिवाल तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी चैनपुर निरीक्षक गणपत कनेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति का इंतजार किया। कुछ देर बाद एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर दोनों ओर झोले और टंकी पर एक थैली रखकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम टीकाराम उर्फ राकेश पिता बारका डुडवे (26), निवासी रूफाटा, थाना चैनपुर, जिला खरगोन बताया। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखे झोलों और थैली की तलाशी ली तो उनमें देशी और अंग्रेजी शराब मिली।
पुलिस के मुताबिक, शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस के बारे में पूछने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 71 लीटर 640 एमएल अवैध देशी-अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी टीकाराम उर्फ राकेश के खिलाफ थाना चैनपुर में अपराध क्रमांक 293/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
उक्त कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी चैनपुर निरीक्षक गणपत कनेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उनि अमित पंवार, सउनि अशोक पटेल, प्रआर आसिफ खान, आरक्षक राजू मेहता, आरक्षक शैलेश जमरे, आरक्षक दिलीप सहित थाना चैनपुर के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





