डही में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, कर्ज माफी, बिजली बिल माफी और सूखा राहत की मांग
धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
डही। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर बुधवार को डही के नए बस स्टैंड पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, नगर कांग्रेस कमेटी एवं युवक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और किसान शामिल हुए। धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों की कर्ज माफी, बिजली बिल माफी, सूखा राहत तथा डही (टंट्या मामा) उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने सहित विभिन्न मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कुक्षी विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल ने कहा कि “किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसान आर्थिक संकट सहित अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण किसानों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। ऐसे में सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत प्रदान करना चाहिए।
विधायक बघेल ने किसानों की स्थिति को देखते हुए कर्ज माफी, बिजली बिल माफी और सूखे से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक राहत देने की मांग की। उन्होंने कुक्षी विधानसभा क्षेत्र में सूखे की स्थिति का उल्लेख करते हुए क्षेत्र को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने तथा प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना जल्द शुरू करने की मांग
धरना प्रदर्शन के दौरान डही (टंट्या मामा) उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल में तथा तत्कालीन नर्मदा घाटी विकास मंत्री के रूप में उनके द्वारा स्वीकृत यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने सरकार से परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग करते हुए कहा कि इसके शुरू होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा मजबूत होने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा तथा क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
विधायक बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान कुक्षी विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों, ग्रामीणों और आमजन के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को किसानों के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
धरना स्थल पर एसडीओपी कुक्षी, एसडीएम कुक्षी सहित तहसीलदार ललिता गडरिया पहुंचीं। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कर्ज माफी, बिजली बिल माफी, सूखा राहत तथा उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस के अर्जुन बघेल, राकेश नोरके, छतर सिंह चौगड़, राजेन्द्र डावर, बहादुर सिंह वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं, क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं और शासन की किसान हितैषी नीतियों को लेकर अपनी बात रखी।
व्यापारी संघ ने भी सौंपा ज्ञापन
धरना प्रदर्शन के दौरान व्यापारी संघ अध्यक्ष बंटी माहेश्वरी ने भी किसानों से जुड़े विषयों को लेकर एसडीएम एवं विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल को ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा विधायक द्वारा नागरजी को कथित रूप से धमकी दिए जाने के मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर के नाम भी ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
कार्यक्रम में सभी जनपद सदस्य एवं सरपंचगण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे। युवा नेता कुक्षी अर्जुन बघेल, ब्लॉक कांग्रेस डही एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह चौगड़, विधायक प्रतिनिधि निसरपुर सुदामा पाटीदार, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुक्षी पंकज चौहान, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष देवी सिंह कोटवा, बहादुर वर्मा सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का संचालन अब्दुल्ला बोहरा ने किया। अंत में विधायक प्रतिनिधि राकेश नोरके ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।





