- आदिवासी समाज के हितों के लिए संघर्षरत कन्नौज को मिली बड़ी जिम्मेदारी
धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कुक्षी। अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद द्वारा आदिवासी समाज के उत्थान, अधिकारों की रक्षा एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महेंद्रसिंह कन्नौज को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए “प्रदेश युवा कार्यकारी अध्यक्ष, मध्यप्रदेश” नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लकीभाऊ जाधव द्वारा जारी आदेश के माध्यम से की गई।
महेंद्रसिंह कन्नौज छात्र जीवन से ही समाज और छात्रों के हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन में अनेक छात्र हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को उठाकर उनके स्थायी समाधान के लिए सफल प्रयास किए। शिक्षा व्यवस्था, छात्रवृत्ति, महाविद्यालयीन सुविधाओं एवं विद्यार्थियों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर उन्होंने लगातार आवाज बुलंद की, जिसके परिणामस्वरूप अनेक समस्याओं का समाधान संभव हो सका।
इसके साथ ही महेंद्रसिंह कन्नौज आदिवासी समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए भी लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। आदिवासी समुदाय से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाकर उन्होंने कई समस्याओं का स्थायी समाधान कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष क्षेत्रभर में चर्चित रहा है। कन्नौज के दहाड़ मारते हुए भाषण के अंदाज से समाज का बड़ा युवा वर्ग उन्हें आदिवासी समाज का ‘बब्बर शेर’ के रूप में मानता है।
महेंद्र सिंह कन्नौज को जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन के गठन से जुड़े प्रारंभिक सदस्यों में भी प्रमुख रूप से जाना जाता है। आदिवासी समाज के उत्थान, सामाजिक जागरूकता एवं अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से गठित जयस संगठन को मजबूत बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक मुद्दों पर जनआंदोलन खड़े कर समाज को लाभ दिलाने में सफलता अर्जित की।
समाज सेवा, संगठन निर्माण एवं जनहित के कार्यों में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय योगदान को देखते हुए अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि महेंद्रसिंह कन्नौज अपने नए पद पर रहते हुए आदिवासी समाज के विकास, युवाओं के नेतृत्व निर्माण तथा सामाजिक न्याय की दिशा में और अधिक प्रभावी कार्य करेंगे।
अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद “प्रदेश युवा कार्यकारी अध्यक्ष, मध्यप्रदेश” जैसे महत्वपूर्ण दायित्व से सम्मानित करने पर महेंद्र सिंह कन्नौज ने परिषद के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं समस्त पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
विशेषकर संघठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमजीभाई डामोर, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री फग्गनसिंह कुलस्ते जी (पूर्व केंद्रीय मंत्री) राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शंकर लाल जी,युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लक्की जाधव जी को हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठन ने मुझ पर विश्वास व्यक्त करते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी हैं।
कन्नौज ने कहा यह पद मेरे लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि परिषद की गरिमा, संगठन की विचारधारा एवं समाज हित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करूंगा।
आप सभी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन, स्नेह और विश्वास के लिए पुनः हृदय से धन्यवाद
वहीं क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आदिवासी समाज के लोगों ने महेंद्रसिंह कन्नौज की नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताया है ।
महेंद्र सिंह कन्नौज को मिली गौरवशाली प्रदेश स्तरीय जिम्मेदारी पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आदिवासी समाज के लोगों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताया है तथा उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।





