खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल व हेलीपैड का किया निरीक्षण,
विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सहित सभी व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
खरगोन । 28 जून 2026 को झिरन्या में राज्यपाल मंगूभाई पटेल के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर भव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित होने वाले विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया तथा सुरक्षा, आवागमन और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही पूर्व अनुमानित वर्षा को ध्यान में रखते हुए मंच, टेंट, जल निकासी, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
इस दौरान अपर कलेक्टर रेखा राठौर, जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम लोकेश छापरे सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।





