पीएम आवास योजना की हितग्राही अन्नुबाई के घर करेंगे भोजन; कलेक्टर और एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
कसरावद : सलीम खान
कसरावद (खरगोन): मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल मंगलवार, 23 दिसंबर को खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र के ग्राम पानवा के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे।
स्वास्थ्य और आवास योजनाओं पर रहेगा जोर राज्यपाल पटेल कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के तहत सिकल सेल रोगियों को प्रमाण पत्र और क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण आहार किट प्रदान करेंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। राज्यपाल कार्यक्रम स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर और एनआरएलएम (NRLM) समूह की प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

खलबुजुर्ग में हितग्राही के घर करेंगे भोजन एक विशेष आत्मीय पहल के तहत, राज्यपाल ग्राम पंचायत खलबुजुर्ग पहुँचेंगे। यहाँ वे प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही अन्नुबाई मेवाड़े के नवनिर्मित आवास पर दोपहर का भोजन ग्रहण करेंगे।
प्रशासनिक अमला अलर्ट, तैयारियों का निरीक्षण राज्यपाल के दौरे के मद्देनजर कलेक्टर भव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने आज ग्राम पानवा पहुँचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, सभा स्थल, ग्रीन रूम और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने बैठक व्यवस्था, ध्वनि, प्रकाश और यातायात को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ आकाश सिंह, एसडीएम सत्येंद्र बैरवा, एएसपी बिट्टू सहगल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






