जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार बाग ( धार )
आपसी विवाद में बैल जोतने की लकड़ी की जोड़ी से किया था हमला, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी जब्त।
बाग। धार जिले के बाग थाना क्षेत्र के ग्राम जामला के पटेलपुरा में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने आपसी विवाद के चलते अपने पिता पर बैल जोतने की लकड़ी की जोड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को फरियादी तेरसिंह ने थाना बाग पहुंचकर सूचना दी कि ग्राम जामला, पटेलपुरा निवासी कुँवरसिंह मोरी (45) की उनके बड़े बेटे अनिल ने लट्ठ से मारपीट कर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही बाग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 355/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। मृतक का शासकीय अस्पताल बाग में पोस्टमार्टम कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी ओमप्रकाश अहिर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत ने विशेष पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने तलाश करते हुए फरार आरोपी अनिल पिता कुँवरसिंह मोरी (22), निवासी ग्राम जामला को घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम आगर के जंगल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पिता के साथ आपसी विवाद के चलते बैल जोतने की लकड़ी की जोड़ी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी की जोड़ी भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय कुक्षी में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत, उपनिरीक्षक प्रमिला जमरे, नवलसिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक दशरथसिंह चौहान, कमलेश राठौड़िया, प्रधान आरक्षक भावसिंह रावत तथा आरक्षक मुकेश किराड़, नीरज, सीताराम, राजू चौहान, दुर्गेश चौहान एवं रवि का विशेष योगदान रहा।





