जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार राजगढ़
राजगढ़। धार जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में राजगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी को पिस्टल उपलब्ध कराने वाले फरार सिकलीगर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि 28 अगस्त 2026 को थाना राजगढ़ की चौकी तिरला क्षेत्र के ग्राम नयापुरा पीपरनी में फरियादी भूपेंद्र राठौर पर आरोपी अर्पित पिता अशोक राठौड़ निवासी राजगढ़ ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल से गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया था। घटना के संबंध में थाना राजगढ़ पर अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी अर्पित राठौड़ को वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल सुनिंदर पिता मोती सिंह सिकलीगर निवासी राजगढ़ ने उपलब्ध कराई थी। घटना के बाद से ही सुनिंदर फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए 17 नवंबर 2026 को फरार आरोपी सुनिंदर को गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
यह कारवाई पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर एवं एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में एवं थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में की गई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, प्रधान आरक्षक आसिफ शेख, आरक्षक दिलीप डुडवे एवं सैनिक गजराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धार पुलिस द्वारा अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।





