ad
best news portal development company in india

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद स्मारक परेड ग्राउंड, आलीराजपुर में शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

SHARE:

बिलाल खत्री
आलीराजपुर पुलिस द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस परेड ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में भारतीय पुलिस बल की एक टुकड़ी सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चीनी सेना द्वारा घात लगाकर हमला किया गया। विषम परिस्थितियों एवं सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय पुलिस के जवानों ने अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देते हुए मुकाबला किया।

इस मुठभेड़ में 10 वीर पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए। उन्हीं वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है तथा शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में श्रद्धांजलि परेड आयोजित की जाती है।

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर दिनांक 1, सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले 154 वीर पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह द्वारा किया गया। तत्पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेन्द्र सेवतिया, माननीय प्रधान न्यायाधीश बाल न्यायालय अंशुल चन्द्रा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघमित्रा गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, जेल अधीक्षक शशि शरण, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अलीराजपुर शक्तिसिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जोबट आशुतोष पटेल, उप पुलिस अधीक्षक अजाक गोपाल परमार एवं उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा मोहन सिंह मौर्य सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक बंशीलाल कन्नौजे द्वारा किया गया। परेड में जिला मुख्यालय के थाना अलीराजपुर, चांदपुर, नानपुर, सोरवा एवं आंबुआ के थाना प्रभारियों सहित पुलिस लाइन एवं यातायात थाना के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के माध्यम से कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को स्मरण किया गया।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *