शेख़ नसीम। निस्शिन, जापान / भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।
टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। इसके बाद तिलक वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन हसन नवाज ने शानदार 96 रन की पारी खेलकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। सैम अय्यूब ने 29 रन बनाए, लेकिन पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 192 रन तक ही पहुंच सकी और 19 रन से मुकाबला हार गई।
भारत की और से अक्षर पटेल एवं वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लेकर पाकिस्तान के रन चेज पर अंकुश लगाया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक लगातार दूसरी बार जीत लिया, जबकि पाकिस्तान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।





