विद्यार्थियों को कानून, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में शासकीय सांदीपनि विद्यालय, धार में “ सृजन संवाद ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस, स्कूल शिक्षा विभाग एवं UNFPA के तकनीकी सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, उत्तरदायी नागरिकता, सुरक्षा-बोध तथा पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास एवं संवाद को सुदृढ़ करना है।
विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर दी गई जानकारी –
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, विभिन्न कानूनों, बाल अधिकार, जेजे एक्ट, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, रोड सेफ्टी, साइबर सेफ्टी एवं नारकोटिक्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों की सरल एवं उपयोगी जानकारी दी गई।
भारतीय संविधान के संबंध में विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए संविधान के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल अधिकार एवं जेजे एक्ट के अंतर्गत बच्चों के अधिकार, संरक्षण तथा कानून की भूमिका के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा अथवा परेशानी की स्थिति में उचित सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
पॉक्सो एक्ट के संबंध में बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की समझ तथा किसी अनुचित घटना की स्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति अथवा पुलिस को जानकारी देने के संबंध में जागरूक किया गया।
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कम उम्र में विवाह से होने वाले दुष्परिणामों तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए बनाए गए कानून की जानकारी दी गई।
रोड सेफ्टी के अंतर्गत विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
साइबर सेफ्टी के अंतर्गत सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
नारकोटिक्स एवं नशे से बचाव के संबंध में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान –
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों का उपस्थित अधिकारियों द्वारा सरल एवं सहज भाषा में समाधान किया गया। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहते हुए कानून का पालन करने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
“सृजन संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं पुलिस के बीच संवाद स्थापित करते हुए कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया गया।
अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ की रही उपस्थिति –
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई, रक्षित निरीक्षक यातायात प्रेमसिंह ठाकुर, सूबेदार रविन्द्र कुशवाह एवं उप निरीक्षक आकाश हिण्डोलिया, थाना कोतवाली उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्य अमिता वाजपेई एवं विद्यालय स्टाफ से अनीसा खान, कुसुम लश्करी, सोनी शर्मा, अर्जुन गोस्वामी एवं राकेश मुकाती सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के 60 छात्र-छात्राएं एवं 07 शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।





