संवाददाता : दिलीप पाटीदार राजगढ़ ( धार )
राजगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर न्यू टैलेंट स्कूल में आयोजित समारोह में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा एवं कक्षा 10वीं की जिला प्रवीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली ध्वजा सिंह तोमर को सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद विद्यालय में भी ध्वजा सिंह का विशेष अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन द्वारा ध्वजा सिंह तोमर को कक्षा 10वीं की जिला प्रवीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भेंट की गई। विद्यालय प्रबंधन ने ध्वजा सिंह की इस शानदार उपलब्धि को स्कूल और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए उसकी मेहनत एवं लगन की सराहना की।
अन्य मेधावी विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 5वीं में स्कूल टॉपर रिद्धिका शर्मा, कक्षा 8वीं में साक्षी चौहान तथा कक्षा 12वीं में रत्नम जैन को अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
पूर्व छात्रा डॉक्टर लेशिका चौहान बनीं मुख्य अतिथि
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व छात्रा लेशिका चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। लेशिका चौहान ने हाल ही में MBBS की परीक्षा उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनने की उपलब्धि हासिल की है। अपने ही विद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचना उनके लिए भी विशेष और भावुक क्षण रहा।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर लेशिका चौहान ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विद्यार्थी जीवन और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना आवश्यक है।





