संवाददाता : दिलीप पाटीदार राजगढ़
राजगढ़। स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 अगस्त को नगर परिषद राजगढ़ द्वारा भव्य एवं विशाल तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत इस रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा वाहन रैली का नेतृत्व तहसीलदार, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, थाना स्टाफ, पार्षदगण एवं मनोनीत पार्षदों द्वारा किया गया। नगर परिषद राजगढ़ के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी भी पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ अपने वाहनों पर तिरंगा सजाकर रैली में शामिल हुए। रैली में शामिल वाहनों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुलिस थाना राजगढ़ पहुंची और इसके बाद आदर्श मार्ग से होते हुए आगे निकली। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति के नारों से संपूर्ण नगर गुंजायमान रहा। रैली में शामिल लोगों के चेहरों पर देश के प्रति गर्व और उत्साह साफ नजर आया।
तिरंगा वाहन रैली के माध्यम से नगर परिषद द्वारा नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करने के बाद तिरंगा वाहन रैली का औपचारिक समापन पुनः नगर परिषद परिसर में किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएं।





