धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कुक्षी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कुक्षी नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए बड़ी संख्या में नागरिक, युवा एवं कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। जैसे-जैसे तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी, पूरा कुक्षी भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आसमान में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने नगर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत करते हुए तिरंगे को नमन किया।
यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद—जय भारत” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। वहीं “तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारी पहचान है” और “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” के नारों ने लोगों में देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया।
कुक्षी में निकली यह तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की जीवंत तस्वीर बन गई।





