धार, ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आज एकलव्य आदर्श शासकीय आवासीय विद्यालय, कुक्षी में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सचिन शर्मा, पुलिस अधीक्षक, धार रहे। इस अवसर पर एसडीएम कुक्षी श्री विशाल धाकड़ (आईएएस), एसडीओपी कुक्षी श्री सुनील गुप्ता, थाना प्रभारी कुक्षी श्री दीपक सिंह चौहान व खेल विभाग के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बालिका वर्ग में खो-खो एवं बालक वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा उन्हें जीवनभर नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल, शिक्षा एवं अनुशासित जीवन को अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।





