शेख़ नसीम। भोपाल / शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी जामिया हिफ़्ज़ुल कुरआन, चंदन नगर भानपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। भोपाल जिला वुशु एसोसिएशन द्वारा आयोजित 26वीं भोपाल जिला वुशु चैंपियनशिप-2026 में मदरसे के छात्रों ने गोल्ड मेडल जीतकर न केवल मदरसे बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता 18 और 19 जुलाई 2026 को महार्षि किड्स होम, अयोध्या नगर, भोपाल में आयोजित की गई। यह चैंपियनशिप भोपाल जिला वुशु एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई थी, जो मध्य प्रदेश वुशु एसोसिएशन, मध्य प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश शासन से मान्यता प्राप्त है।
प्रतियोगिता में जामिया हिफ़्ज़ुल कुरआन के छात्र 313 वुशु सोशल स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से खेले। चैंपियनशिप के कुल 9 इवेंट्स में मदरसे के खिलाड़ियों ने भाग लिया और बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ जामिया हिफ़्ज़ुल कुरआन के सभी विजेता छात्र अब आगामी प्रदेश स्तरीय वुशु प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर गए हैं। अब ये खिलाड़ी भोपाल जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मदरसे के प्रबंधन, शिक्षकों और 313 वुशु सोशल स्पोर्ट्स अकादमी के कोचों और पदाधिकारियों ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि हमारे छात्र दीनी और दुनियावी तालीम के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ रहे हैं। यह हमारी मेहनत और बच्चों की लगन का नतीजा है। हम उम्मीद करते हैं कि प्रदेश स्तर पर भी हमारे छात्र इसी तरह शानदार प्रदर्शन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ये सभी छात्र प्रशिक्षक सलमान खान अकादमी के अध्यक्ष एम आई खान अकादमी के सेक्रेटरी एच आई बैग की निगरानी में 313 वुशु सोशल स्पोर्ट्स अकादमी में प्रवेश लेकर नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और अकादमी की ओरब से ही प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।
चैंपियनशिप में भोपाल जिला वुशु एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।






