बिलाल खत्री
मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज प्रतिपक्ष नेता उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने नीट पेपर लीक, छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में विधानसभा परिसर में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। नीट पेपर लीक जैसे घोटालों ने लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और सपनों को चोट पहुंचाई है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और राहुल गांधी, जो छात्रों की आवाज बनकर उनके साथ खड़े हुए, उनके साथ भी पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। यह घटना लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।
सेना महेश पटेल ने कहा कि आज देश में युवाओं के सामने बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की गंभीर चुनौतियां हैं। लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों का समाधान करने के बजाय दमनकारी रवैया अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुए अन्याय ने यह साबित कर दिया है कि सरकार युवाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के न्याय और अधिकारों की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से लड़ती रहेगी। राहुल गांधी के साथ हुई घटना और छात्रों पर हुए अत्याचार की कांग्रेस पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती है।
प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक दल के कई विधायक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






