जोबट से शाहरुख खत्री
जिला प्रेस क्लब इकाई जोबट एवं जिला प्रेस क्लब अलीराजपुर के संयुक्त तत्वावधान में कल शनिवार, 11 जुलाई 2026 को श्री रिसॉर्ट एंड फार्म, जोबट में भव्य पत्रकार महासम्मेलन, मीडिया कार्यशाला एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकार, संपादक, मीडिया प्रतिनिधि एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां शामिल होंगी।
आयोजन में वरिष्ठ अतिथियों एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा “स्वास्थ्य, चेतना और अभिव्यक्ति” विषय पर विशेष संवाद एवं कार्यशाला आयोजित की जाएगी। वक्ता वर्तमान समय में पत्रकारिता की चुनौतियों, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज की रोकथाम, पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, संगठनात्मक एकता और पत्रकारिता के स्तर को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।
जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने जिले एवं आसपास के सभी पत्रकार साथियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। सम्मेलन को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं






