किसानों को समय पर पानी मिलना शासन की जिम्मेदारी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं”- विधायक यादव ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
कसरावद : सलीम खान
कसरावद (खरगोन) | 29 जनवरी 2026 क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और समय पर पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने बलकवाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं का सघन निरीक्षण किया और जमीनी हकीकत जानी।
पंप हाउस और तकनीकी खामियों की समीक्षा विधायक यादव ने बाल्यापुर स्थित पंप हाउस पहुँचकर वहां की मशीनरी, बिजली आपूर्ति और जल वितरण क्षमता का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मौजूद किसानों ने शिकायत की कि पानी वितरण में देरी होने से फसलों पर विपरीत असर पड़ रहा है। इस पर यादव ने अधिकारियों से जवाब-तलब किया और तकनीकी खामियों को तत्काल प्रभाव से सुधारने के निर्देश दिए।
तालाबों के रख-रखाव पर जोर विधायक ने खेड़ी तालाब (अघावन) और अपर जमला तालाब (खेड़ी) का भी अवलोकन किया। उन्होंने नहरों की जर्जर स्थिति और तालाबों में जमा गाद (Desilting) को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने अधिकारियों को नहरों की मरम्मत और तालाबों की साफ-सफाई की योजना बनाने को कहा।
अधिकारियों को कड़े निर्देश निरीक्षण के दौरान सचिन यादव ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और तकनीकी अमले को निर्देशित किया कि:
- पंप हाउस और सिंचाई परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें।
- किसानों की शिकायतों का एक निश्चित समय-सीमा में निराकरण हो।
- जल वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए ताकि अंतिम छोर के किसान तक पानी पहुँच सके।
किसानों को दिया भरोसा विधायक ने कहा कि कसरावद की अर्थव्यवस्था पूरी तरह कृषि पर टिकी है और सिंचाई इसका आधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता या प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।






