खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
भावांतर योजना का ग्रामीण क्षेत्रों में करेगा प्रचार
खरगोन । म.प्र. शासन द्वारा सोयाबीन उत्पादक किसानों को सोयाबीन का उचित मूल्य दिलाने के लिए खरीफ 2025 हेतु सोयाबीन पर भावांतर भुगतान योजना लागू की गई है। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन एवं मंडी बोर्ड भोपाल के निर्देशानुसार 07 अक्टूबर को मंडी समिति खरगोन द्वारा भावांतर भुगतान योजना के प्रचार प्रसार के लिए को रैली आयोजित की गई। इस दौरान भावांतर भुगतान योजना के जागरूकता रथ को विधायक बालकृष्ण पाटीदार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेन्द्रसिंह तंवर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान रैली ने खरगोन शहर में भ्रमण किया और भावांतर योजना का प्रचार प्रसार किया। तत्पश्चात भावांतर योजना जागरूकता रथ को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
मंडी सचिव शर्मिला निनामा ने बताया कि भावांतर योजना का लाभ लेने के लिए किसान बंधु अपना पंजीयन निकटस्थ सहकारी समितियों, ग्राहक सेवा केंद्र अथवा एमपी ऑनलाइन या कियोस्क केंद्र पर 03 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित अवधि में करा सकते हैं। सोयाबीन विक्रय मंडियों/उपमंडियों में 24 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक किया जा सकेगा। किसानों को योजना का लाभ केवल मंडी या उपमंडी प्रांगण में विक्रय करने पर ही प्राप्त होगा। साथ ही मंडी समिति द्वारा निमाड़ की लोकप्रिय एवं प्रचलित निमाड़ी भाषा में जिले के किसानों से अपील की गई कि भावांतर योजना का लाभ लेने के लिए सभी सोयाबीन उत्पादक किसान बंधु अपना पंजीयन नियत अवधि में अवश्य कराएं और निर्धारित समय पर सोयाबीन मंडी/उपमंडी में विक्रय कर योजना का लाभ प्राप्त करें।
रैली के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं भारसाधक अधिकारी मंडी समिति खरगोन वीरेन्द्र कुमार कटारे, उप संचालक कृषि एसएस राजपूत, कृषि विभाग एवं मंडी के अधिकारी-कर्मचारी, किसान संगठन के प्रतिनिधि, लाइसेंसी व्यापारी, तुलावटी, हम्माल आदि उपस्थित रहे।






