बिलाल खत्री
बड़वानी नगर के शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत जैविक खेती जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने बताया कि सेवा पखवाड़ा अभियान में प्रतिदिन कोई ना कोई गतिविधियां संचालित हो रही है। इसी के निमित्त आज नगर के प्रसिद्ध उद्यमी, समाजसेवी रविंद्र कुलकर्णी एवं हेमेंद्र कुमरावत का व्याख्यान हुआ।
रविंद्र कुलकर्णी ने अपने व्याख्यान में 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्पों को पूर्ण करने हेतु सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत चलाया जा रहे जैविक खेती जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक किसानों को, समाज को जैविक खेती से जोड़ने की आवश्यकता है। यह स्वरोजगार का माध्यम भी है और स्वस्थ भारत का मार्ग भी है। हम अपने सपनों को साकार करें। उसके लिए हमें हरदम प्रयास करना होगा। हमारे शरीर का स्वास्थ्य हमने जहरीले रसासनों से बिगाड़ दिया है। अर्थात हमारी खेती प्रदूषित हो गई है। इसे पुनः शुद्ध करना होगा। जैविक खेती के माध्यम से ही संभव होगा।
कार्यक्रम में हेमेंद्र कुमरावत अधिवक्ता ने एक राष्ट्र एक चुनाव के अभियान को लेकर होने वाली कार्यशाला की जानकारी देते हुए कहा कि हम सब इसमें सहभागिता करें। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डॉ अनिल जिला नोडल स्वामी विवेकानंद करियर प्रकोष्ठ द्वारा किया गया और आभार डॉ. दिनेश पाटीदार द्वारा व्यक्त किया गया।