ad
best news portal development company in india

पत्रकारों की रिहाई की मांग को लेकर आज बलिया बंद, व्यापारी और छात्र संगठनों ने किया समर्थन

SHARE:

बलिया के निर्दोष पत्रकारों की रिहाई एवं डीएम और एसपी के निलंबन की मांग को लेकर ‘संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा’ के बैनर तले चल रहे धरना के क्रम में गुरुवार को हुई बैठक में 16 अप्रैल को बलिया बंद करने की घोषणा की गई। जिले के विभिन्न व्यापारी संगठनों के अलावा छात्र संगठनों की ओर से इसका समर्थन किया गया है। बलिया बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारी और छात्र संगठनों की ओर पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयारियां अभी से ही तेज हो गई हैं।
बैठक में बलिया बंद का समर्थन उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ बलिया, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बलिया, उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ बलिया, सेवा निवृत्त शिक्षक कर्मचारी/ अधिकारी समन्वय समिति बलिया, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन बलिया, रसोइया संघ, कोटेदार संघ, अधिवक्ता संघ, टैक्स बार एसोसिएशन बलिया, भूतपूर्व सैनिक संगठन बलिया, ट्रेड यूनियन बलिया, छात्र संगठन, जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के अलावा राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने किया है।
मोर्चा की ओर से इसे लेकर जनपदवासियों से अपील की गई है कि वह इस अभूतपूर्व बंदी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और पत्रकारों को न्याय दिलाने में सहयोग प्रदान करें। बता दें कि इंटर अंग्रेजी परीक्षा से एक दिन पहले ही पेपर लीक हो गया था। इसका खुलासा होने पर 30 मार्च को जिला प्रशासन की ओर से तीन पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए उनकी गिरफ्तारी की गई। इस मामले की स्वतंत्र जांच और डीएम-एसपी के निलंबन की मांग को लेकर पत्रकारों का संगठन आंदोलित है। जैसे-जैसे आंदोलन लंबा होता जा रहा है विभिन्न संगठनों की ओर से अब समर्थन भी मिलता जा रहा है।
पेपर लीक मामले में फर्जी तरीके से गिरफ्तार किए गए तीन पत्रकारों की रिहाई की मांग को लेकर संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा के बैनर तले डीएम कार्यालय परिसर में पत्रकारों का चल रहा क्रमिक अनशन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन पर पहुंचे उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ बलिया एवं डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन बलिया क्रमश: महामंत्री व जिलाध्यक्ष ने पत्रकारों की लड़ाई में समर्थन प्रदान करने की घोषणा की।
best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *