best news portal development company in india

सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स प्रशिक्षण पुलिस लाईन खंडवा में दिया गया प्रशिक्षण

SHARE:

 

संभाग ब्यूरो बिलाल खत्री

        खंडवा  पुलिस लाइन ग्राउंड में मंगलवार को सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 400 नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की।

नगर निगम आयुक्त  प्रियंका राजावत ने बताया कि फायर सेफ्टी पर प्रशिक्षण फायर सेफ्टी अधिकारी  कार्तिक जैन द्वारा दिया गया। उन्होंने नागरिकों को आग के विभिन्न प्रकारों के बारे में बताया और समझाया कि आग से बचने के लिए कौन-कौन सी सावधानियाँ और रणनीतियाँ अपनाई जानी चाहिए।

        फायर ब्रिगेड द्वारा प्रयुक्त विभिन्न नॉजल्स जैसे वाटर स्प्रे, फोम स्प्रे और अग्निशामक यंत्रों की उपयोगिता का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया

    उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने की स्थिति में स्वयं की रक्षा करना सर्वप्रथम प्राथमिकता होनी चाहिए। कपड़ों में आग लगने पर ज़मीन पर गोल-गोल लुढ़कने जैसी तकनीकों को बताया गया।

        प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का प्रशिक्षण डॉ. नितिन कपूर एवं डॉ. आलोक भूषण द्वारा दिया गया। इसके पश्चात उनके द्वारा प्राथमिक उपचार पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया को समझाया, जिसमें हृदय को पंप करने की विधि, मुँह से मुँह सांस देने की तकनीक तथा रक्त संचार बनाए रखने के उपाय सम्मिलित थे।

        एस.डी.ई.आर.एफ. से  रविन्द्र मेहिवाल एवं उनकी टीम ने राहत कार्य का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को किस प्रकार स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया जाता है। उन्होंने स्ट्रेचर के विभिन्न प्रकारों जैसे बाँस और कंबल से बना, केवल कंबल वाला, तथा मरीज के कपड़ों से तैयार किया गया स्ट्रेचर की जानकारी दी। साथ ही 2 हैंड सीट, 3 हैंड सीट, 4 हैंड सीट तकनीकों और बचाव कार्यों में प्रयुक्त उपकरण जैसे कटर, सॉ मशीन आदि का प्रदर्शन भी किया गया

        साइबर जागरूकता प्रशिक्षण साइबर सेल प्रभारी  गायत्री सोनी द्वारा दिया गया। उन्होंने नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी ए.पी.के. या अज्ञात फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से लागू करें। उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट सुरक्षा, ईमेल आईडी सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता के उपायों पर भी प्रकाश डाला।

सॉल्वेज पर प्रशिक्षण  अनिल पाटिल द्वारा दिया गया

     उन्होंने बताया कि आपदा या दुर्घटना के बाद किस प्रकार महत्वपूर्ण वस्तुओं को बचाया जा सकता है और राहत कार्यों में किस प्रकार दक्षता पूर्वक कार्य करना चाहिए। उन्होंने सॉल्वेज के दौरान सुरक्षा के उपायों और प्राथमिकताओं की जानकारी दी। भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन व्यवस्था पर प्रशिक्षण एएसपी  महेन्द्र तारणेकर द्वारा दिया गया।

     उन्होंने बताया कि आपदा के समय सायरन बजने की स्थिति में नागरिकों को क्या करना चाहिए और ब्लैकआउट जैसी परिस्थिति में किस प्रकार शांतिपूर्वक एवं संयम से कार्य लेना चाहिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के दौरान सामूहिक अनुशासन और संचार व्यवस्था की भूमिका पर बल दिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एएसपी  महेन्द्र तारणेकर, नगर निगम आयुक्त  प्रियंका राजावत, उपायुक्त  एस. आर. सिटोले, साइबर प्रभारी  गायत्री सोनी, फायर सेफ्टी अधिकारी  कार्तिक जैन, डॉ. नितिन कपूर एवं आलोक भूषण, एस.डी.ई.आर.एफ. से  रविन्द्र मेहिवाल, सॉल्वेज प्रशिक्षक  अनिल पाटिल सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

        नगर निगम आयुक्त ने बताया कि लगभग 400 लोगों ने स्वयंसेवक बनकर इस प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में विभिन्न उपकरणों को चलाने, नई जानकारी सीखने और सेवा भावना से प्रशिक्षण में सम्मिलित होने का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *