ad
best news portal development company in india

नर्मदा सिंचाई परियोजना पर किसानों का फूटा दर्द, अधिकारियों ने दिया भरोसा; बुधवार से खेतों तक पहुंचेगा पानी।

SHARE:


जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार मिण्डा ( सरदारपुर  )

72 किलोमीटर पाइपलाइन में 40 से 50 स्थानों पर क्षति, मरम्मत का काम जारी; हर गांव में बनेगी किसानों की कमेटी, वाल्व संचालन पर रहेगी निगरानी।

सरदारपुर। नर्मदा झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से परेशान किसानों और अधिकारियों के बीच सोमवार को मिण्डा स्थित राजपूत धर्मशाला में बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों ने विभिन्न गांवों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और अनियमित जलापूर्ति की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने तकनीकी कारण बताते हुए बुधवार से जलापूर्ति दोबारा शुरू करने का भरोसा दिलाया।

करीब एक माह पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदारपुर में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया था। इसके माध्यम से 66 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाना है। लेकिन कई गांवों में अब तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से किसानों की फसलों पर संकट मंडरा रहा है।

72 किलोमीटर पाइपलाइन में 40 से 50 जगह नुकसान

प्रोजेक्ट अधिकारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि सरदारपुर टंकी तक पहुंचने वाली करीब 72 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन में 40 से 50 स्थानों पर क्षति हुई है। इससे पानी का प्रेशर प्रभावित हो रहा था। पिछले दो दिनों से मरम्मत कार्य जारी है। बुधवार से जलापूर्ति शुरू करने की तैयारी है। पहले कम पानी वाले गांवों को प्राथमिकता दी जाएगी और इसके बाद गांववार शेड्यूल जारी होगा।

कमल यादव ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम

भाजपा जिला मंत्री कमल यादव ने किसानों की समस्या को लेकर अधिकारियों के सामने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचेगा, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने अगले दिन से ही मोटर पंप चालू करने की मांग रखी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले दिन मोटर पंप चालू होंगे और उसके अगले दिन से किसानों को पानी मिलने लगेगा।

हर गांव में बनेगी किसानों की कमेटी

अधिकारियों ने बताया कि कुक्षी से क्षेत्र तक करीब 350 वाल्व लगाए गए हैं। यदि 50 वाल्व भी खुले रह जाते हैं तो पानी का पर्याप्त प्रेशर नहीं बन पाता। इस समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक गांव से किसानों को शामिल कर करीब 15 सदस्यों की कमेटी बनाने का सुझाव दिया गया है। कमेटी जलापूर्ति की निगरानी करेगी। पाइपलाइन की मरम्मत केवल विभाग की तकनीकी टीम करेगी। वहीं पाइपलाइन से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया ने विधायक पर साधा निशाना

बैठक में पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया ने विधायक प्रताप ग्रेवाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक को भी उनके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने विधायक के 15 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और विधायक निधि के उपयोग पर सवाल उठाए। साथ ही मिण्डा से सतनाम ढाबे तक सड़क निर्माण और क्षेत्र में तालाब निर्माण की आवश्यकता भी उठाई। भूरिया ने पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने के मामले में कुछ कांग्रेस नेताओं से जुड़े लोगों पर साजिश का आरोप लगाया और 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की बात कही।

बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। अधिकारियों द्वारा मरम्मत कार्य पूरा कर बुधवार से पानी शुरू करने और गांववार जलापूर्ति का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने संतुष्टि जताई। हालांकि अब किसानों की निगाहें बुधवार पर टिकी हैं। देखना होगा कि अधिकारियों का आश्वासन कितना जमीन पर उतरता है और कब तक मां नर्मदा का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचता है।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई